PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में एक हिस्ट्रीशीटर ने सोमवार की रात जमकर आतंक मचाया। एक ढाबे का दरवाजा तोड़ हिस्ट्रीशीटर अपने साथी के साथ अंदर घुसा। फिर वहां सो रहे दो कर्मचारियों से बेरहमी से मारपीट की।
दोनों कर्मचारियों पर डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिसमें एक ढाबा-कर्मी का पैर फ्रेक्चर हो गया।घटना पाली शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात ITI रोड स्थित सिद्धार्थ ढाबा पर हुई। इसका सीसीटीवी वीडियो आज सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।करीब एक बजे हिस्ट्रीशीटर ढाबे पर पहुंचा
पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार- सोमवार रात को काम खत्म होने पर रमेश (48) पुत्र भोमाराम निवासी रायपुर और पाली के इंद्रा कॉलोनी निवासी भैरू पुरी (45) पुत्र राजू पुरी सो रहे थे। रात करीब सवा एक बजे हिस्ट्रीशीटर सोहन बंजारा अपने साथी परमेश्वर बंजारा के साथ रेस्टोरेंट पहुंचता है।
डंडे से ढाबे का गेट तोड़ा, कर्मचारियों को पीटा
गाली- गलौज करते हुए आरोपी सोहन ढाबे के लकड़ी से बने गेट को डंडे से तोड़ देता है। फिर भीतर जाकर वहां सो रहे रमेश और भैरू पुरी से बेरहमी से मारपीट करता है। इस दौरान उसका साथी पूरी घटना का वीडियो बनाता रहता है। यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे CCTV कैमरे में भी कैद हो गया।
ढाबा कर्मचारी का पैर टूटा, दोनों आरोपी डिटेन
औद्योगिक नगर थानाधिकारी देवी दान ने बताया घटना में डंडे के वार से ढाबा कर्मचारी रमेश का पैर फ्रेक्चर हो गया। उसका पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज जारी है। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार को हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी शराब के लिए रुपए की मांग कर रहा था।
