PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में मामा की बेटियों को बाइक से गांव छोड़ने जा रहे युवक की बाइक को रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि दोनों युवतियां गंभीर घायल हो गईं। तीनों को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल दोनों युवतियों को जोधपुर रेफर किया गया। हादसा शनिवार दोपहर मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के आऊवा गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ।
शुक्रवार रात भजन संध्या में शामिल होने आई थीं युवतियां
जानकारी के अनुसार, आऊवा गांव निवासी पीनू (30) पुत्र आईदान मीणा के यहां शुक्रवार रात भजन संध्या थी। इसमें शामिल होने के लिए खिंवाड़ा गांव निवासी उसके मामा की बेटियां नीतू (20) पुत्री ओटाराम मीणा और किरण (17) भी आई हुई थीं।
शनिवार दोपहर बाइक से गांव छोड़ने जा रहा था युवक
शनिवार दोपहर पीनू अपनी दोनों ममेरी बहनों को बाइक से खिंवाड़ा गांव छोड़ने जा रहा था। इस दौरान आऊवा गांव के पेट्रोल पंप के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पीनू, नीतू और किरण गंभीर घायल हो गए।
हॉस्पिटल में युवक को मृत घोषित किया, युवतियां जोधपुर रेफर
हादसे के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने पीनू मीणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर घायल नीतू और किरण को प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया।
मृतक युवक और दोनों घायल युवतियां रिश्ते में मामा-भुआ के भाई-बहन थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

