PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले के गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र में एक युवक ने कार के बदले रुपए मांगने और पिस्तौल दिखाकर अतिरिक्त रकम ट्रांसफर कराने के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। बिजावा (रानी) निवासी धर्मेंद्र वीर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि कार से जुड़े लेनदेन के बहाने उसे साथ ले जाया गया, रास्ते में अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर करवाए गए और बाद में पिस्तौल दिखाकर 2.60 लाख रुपए की मांग की गई। युवक मौका देखकर भाग निकला और थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुपयों की जरूरत पड़ी थी बेची थी कार
गुड़ा एंदला थाने में बिजावा (रानी) निवासी धर्मेंद्र वीर पुत्र नगराज सीरवी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि एक साल पहले उसने एक कार खरीदी थी। बाद में आर्थिक जरूरत के चलते उसने वह कार राकेश पुरी को बेच दी। कार के बकाया रुपए राकेश पुरी से कई बार मांगने के बावजूद नहीं मिले।
धर्मेंद्र ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे पता चला कि उसकी कार गिरवी रखी हुई है। इसी दौरान एंदला गांव स्थित मामाजी मंदिर पर बांकली निवासी केसर सिंह मिला। केसर सिंह ने उससे कहा कि उसकी कार उसके पास गिरवी पड़ी है और 4-5 दिनों में वह गाड़ी वापस दे देगा। इसके बदले गिरवी के 1 लाख 40 हजार रुपए देने होंगे। इस पर उसने सहमति जता दी।
गाड़ी देने के बहाने साथ ले गए
रिपोर्ट के अनुसार 27 मई की दोपहर केसर सिंह कार लेकर आया और 1 लाख 40 हजार रुपए देने की बात कही। इस पर धर्मेंद्र ने कहा कि वह रकम अकाउंट में ट्रांसफर कर देगा। इसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर किरवा की तरफ ले जायाधर्मेंद्र ने बताया कि रास्ते में केसर सिंह के बताए खाते में 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद बाकी रकम दूसरे नंबरों पर भेजने के लिए कहा गया तो उसने बताए गए नंबरों पर भी रुपए ट्रांसफर कर दिए।
पिस्तौल दिखाकर 2.60 लाख रुपए मांगने का आरोप
पीड़ित के अनुसार किरवा से थोड़ा आगे निकलने के बाद केसर सिंह ने कमर पर बंधी पिस्तौल निकाली और कहा कि अब 1 लाख 40 हजार नहीं बल्कि 2 लाख 60 हजार रुपए ट्रांसफर करो। इससे वह घबरा गया।
रिपोर्ट में बताया गया कि इसके बाद उसे रानी ले जाया गया। रानी अंडरब्रिज में गाड़ी पंचर होने पर उसे बिजलीघर के पास ले गए। वहां मौका मिलते ही वह भाग निकला और थाने पहुंचकर शरण ली। बाद में उसने अपने साथ हुई पूरी घटना पुलिस को बताई। गुड़ा एंदला पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


