PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में शनिवार देर रात बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। तीनों दोस्त हाईवे पर स्थित होटल से खाना खाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जोधपुर रोड पर आरटीओ ऑफिस के पास उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मृतक की बॉडी बांगड़ हॉस्पिटल की मॉच्र्युरी में रखवाई, जबकि दोनों घायलों का इलाज कराया गया।
आरटीओ ऑफिस के पास हुआ हादसा
सदर थाने के एएसआई के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 2 से 3 बजे के बीच जोधपुर रोड स्थित आरटीओ ऑफिस के पास हुआ। हादसे में पाली शहर के पुराना हाउसिंग बोर्ड निवासी 31 साल के हेमंत शर्मा पुत्र शिवप्रसाद शर्मा के सिर में गहरी चोट लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, पुराना हाउसिंग बोर्ड निवासी 19 साल के विशाल शर्मा पुत्र जयशंकर शर्मा और 22 साल के रितिक पुत्र बाबूलाल घायल हो गए। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
होटल से खाना खाकर लौट रहे थे
मृतक हेमंत हाउसिंग बोर्ड स्थित खाटू श्याम मंदिर के पुजारी शिवप्रसाद के बेटे थे। शनिवार रात करीब 12 बजे मंदिर बंद करने के बाद हेमंत अपने दोस्तों के साथ जोधपुर रोड पर घुमटी के पास स्थित होटल में खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरटीओ ऑफिस के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में हेमंत के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि विशाल और रितिक भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। हादसे के बाद पुलिस ने हेमंत की बॉडी बांगड़ हॉस्पिटल की मॉच्र्युरी में रखवाई।


