
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में करीब एक महीने पहले एक गाय को पागल डॉग ने काट लिया। शनिवार सुबह गाय अजीब हरकत (पागल जैसी) करने लगी। रविवार सुबह गाय ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
गाय की रैबीज के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। जिसको लेकर पशुपालक और गाय का दूध-छाछ यूज करने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। दूध-छाछ पीने वाले करीब 20 लोगों ने रविवार को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में रैबीज के इंजेक्शन लगवाए। मामला पाली शहर के मिशन स्कूल के पास का है
शनिवार सुबह बिगड़ी थी तबीयत
पशुपालक हिम्मताराम (45) ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसकी दुधारू गाय को पागल कुत्ते ने काट लिया था। शनिवार सुबह अचानक गाय की तबीयत बिगड़ने लगी। वह उछल-कूद करने लगी। उसकी ऐसी हरकतों को देखकर बड़ी मुशिक्ल से उसे रस्सी से बांधा। इसको लेकर पुलिस को सूचना दी और पशु डॉक्टर कैलाश कुमार को बुलाया। गाय को देखने आए डॉक्टर कैलाश कुमार ने गाय की हालत देखकर उसके रैबीज होने की आशंका जताई। रविवार सुबह करीब 8 बजे गाय की मौत हो गई। जिसे पशुपालक ने दफना दिया गया।
हिम्मताराम ने बताया कि 20 हजार कीमत की गाय सिर्फ एक बार मां बनी थी। वह एक दिन में 7 लीटर दूध देती थी, जिससे परिवार का खर्चा चलता था। गाय के मरने से करीब हर महीने 12 हजार का नुकसान हुआ है।
कॉल कर सभी को इंजेक्शन लगवाने के लिए कहा
पशुपालक हिम्मताराम ने कहा कि चार-पांच घरों में गाय का दूध और छाछ जाती थी। उन सभी को कॉल कर गाय के मरने की सूचना दी और रैबीज का इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी। इसके बाद करीब 20 लोग रविवार को बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे और रैबीज के इंजेक्शन लगवाए।


