PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत प्रशासन ने गुरुवार को कोयले के अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। उपखंड अधिकारी रविप्रकाश के नेतृत्व में धाकड़ी गांव में कोयला गोदामों पर दबिश दी गई। इस दौरान प्रशासन ने कोयले से भरे दो ट्रक और कोयले की बोरियों का स्टॉक जब्त किया।
कोयले से भरे दो ट्रक जब्त
सोजत एसडीएम रविप्रकाश ने बताया कि प्रशासन कोधाकड़ी गांव में अवैध कोयला व्यापार की सूचना मिली थी। इस पर गुरुवार दोपहर को प्रशासनिक टीम के साथ वे दो कोयला गोदामों पर पहुंचे। वहां मौजूद लोगों से जब कोयला भंडारण और वन विभाग की अनुमति मांगी गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्हें अपने दस्तावेज दिखाने का समय भी दिया गया था।
इसके बावजूद, दोनों गोदाम संचालकों की ओर से कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर प्रशासन ने कोयले से भरे दो ट्रक जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिए। साथ ही, गोदाम में मौजूद कोयले की बोरियों का स्टॉक भी जब्त किया गया।
गोचर भूमि पर अवैध रूप से चल रहा था गोदाम
पता चला है कि एक कोयला गोदाम गोचर भूमि पर अवैध रूप से चल रहा था। प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कूपसिंह पंवार, अतिरिक्त विकास अधिकारी महिपाल सिंह लखावत और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।


