PALI SIROHI ONLINE
बाली: नाना थाना क्षेत्र में युवक ने पहाड़ी पर फंदा लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
पाली जिले के बाली उपखंड के नाना थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा पहाड़ी पर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।
नाना थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने बताया कि देर रात करीब 1 बजे सूचना मिली कि पहाड़ी पर एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही नाना थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा एवं भीमाना पुलिस चौकी प्रभारी हिर सिंह चौहान पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को पेड़ से उतरवाकर चामुंडेरी स्थित मोर्चरी भिजवाया।
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान शांताराम पुत्र जोगाराम, उम्र 22 वर्ष, जाति गरासिया, निवासी कासोटा, ग्राम पंचायत उपला भीमाना, थाना नाना के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


