PALI SIROHI ONLINE
बाली-पिंडवाड़ा मेगा हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, चालक गंभीर घायल
बाली। बाली उपखंड के नाना थाना क्षेत्र में चामुंडेरी के निकट बाली-पिंडवाड़ा मेगा हाईवे पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक बाइक टकरा गई, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठा उसका साथी भी घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा, सहायक थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह राठौड़ तथा कांस्टेबल शीशराम, रामनिवास और पुरुषोत्तम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए बिना देरी किए दोनों घायलों को पुलिस वाहन से नाना राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।
घायलों की सहायता में वार्ड पंच कैलाश कुमावत,नाना भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शेर सिंह उर्फ शेरू सिंह पवार वार्ड पंच सुरेश भाटी सहित स्थानीय लोगों और राहगीर वाहन चालकों ने भी सराहनीय सहयोग किया। नाना राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार की देखरेख में दोनों घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस घायलों की पहचान करने तथा दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले की जांच जारी है।



