PALI SIROHI ONLINE
मालनू स्थित चमत्कारी डेडेसी माताजी मंदिर चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चोरी गया माल बरामद
बाली। बाली उपखण्ड के मालनू ग्राम स्थित प्रसिद्ध चमत्कारी डेडेसी माताजी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का नाना थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सोने का नथ एवं चांदी के छत्र के टुकड़े भी बरामद किए हैं। वहीं मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
नाना थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने बताया कि डेडेसी माताजी मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। इस दौरान बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत भी लगातार पुलिस कार्रवाई की प्रगति की जानकारी लेते रहे तथा देवासी समाज के मंदिर ट्रस्ट सदस्यों के साथ मिलकर जल्द से जल्द मामले के खुलासे के प्रयासों में जुटे रहे।
पाली जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बाली) चैन सिंह महेचा तथा सुमेरपुर पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के प्रयासों से मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस ने चोरी की वारदात के मुख्य आरोपी भंवरलाल पुत्र कसनाराम निवासी भारला को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी गया सोने का नथ तथा चांदी के छत्र के टुकड़े बरामद किए गए। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने बताया कि चोरी की वारदात में शामिल अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।


