PALI SIROHI ONLINE
नागाणी-सनपुर पंचायत काकेंद्र गांव में 25 सदस्यों के परिवार के मुखिया सादलाराम के पड़पोतों ने उनका 119वां जन्मदिन मनाया। परिवार का दावा है कि 1905 में जन्मे सादलाराम ने पहली बार 61 वर्ष की उम्र में मतदान किया था। इस बार लोकसभा चुनाव में वे 15वीं बार मतदान करने 14 परिजनों के साथ मतदान बूथ पर जाएंगे। पड़पोतों की पहल पर दादा सादलाराम ने जन्म के 119 साल बाद पहली बार केक काटा। सादलाराम ने बताया कि पड़पोतों की जिद के कारण मैंने केक काटा है। सादला राम की पत्नी झमुदेवी एक साल पहले निधन हुआ था उस समय उनकी आयु 104 वर्ष थी। दादा सादलाराम बताते हैं जब उनका जन्म हुआ था तब अंग्रेजों का राज था।
परिवार के सभी सदस्य दादाजी से पुरानी बातें सुनते हैं। सादलाराम के बड़े बेटे धर्मा देवासी की पत्नी धर्मी देवी, बड़ा पुत्र भबूता पत्नी सजना देवी, दूसरा बेटा हकमा राम व पत्नी सीता है। तीसरा बेटा लादाराम उम्र 19 साल जो पहली बार वोट देगा। सादलाराम के छोटे पुत्र ओटाराम देवासी व पत्नी केली देवी, बड़ा बेटा सुजाराम, पत्नी ललिता है। दूसरा बेटा मानाराम व उनकी पत्नी अनुदेवी है तथा तीसरा बेटा मालाराम व उसकी पत्नी सुखी देवी इस बार मतदान करने साथ जाएंगे।
ये भी पढ़े
सादलाराम का कहना है कि सन तो उनको याद नहीं है मगर पहली बार इंदिरा गांधी ने चुनाव लड़ा था तब वोट किया था। उस समय कार्यकर्ता उनके घर आए थे मतदान केंद्र ले जाकर मतदान करवाया। बाद में वापस घर पर भी छोड़ा था। सादलाराम के छोटे बेटे ओटाराम ने बताया कि 2001 में जब वोटर आईडी कार्ड बने थे तब किसी को उनकी सही उम्र की जानकारी नहीं थी। उस समय उनकी उम्र अंदाज से लिखाई गई थी। पिता ने बताया कि उनका जन्म 1905 में हुआ था। इसी के अनुसार उनका 119वां जन्मदिन मनाया।