PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-सलूम्बर थाना क्षेत्र के जावद गांव के एक घर से बीती रात अज्ञात बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपए नकद और सोना-चांदी के जेवरात चुरा लिए। पीड़ित ओनाड सिंह पिता लाल सिंह ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है। जिसमें बताया कि बीती रात वे मकान की छत पर अपने परिवार के साथ सो रहे थे।
अहमदाबाद से आए उनकी बड़ी भाभी घर में कूलर चालू करके एक कमरे में सो रहे थे। रात करीब 1:30 बजे घर में तेज आवाज सुनाई दी। इस पर ओनार सिंह की नींद खुली और वह चिल्लाए। इस पर चोर ओनार सिंह को धमकाते हुए वहां से तुरंत भाग निकले। ओनार सिंह ने घर में देखा तो दो कमरों के ताले टूटे हुए मिले।
कमरे में रखी पेटी, तिजोरी और अलमारी के ताले भी टूटे मिले और सामान बाहर बिखरा हुआ था। प्रार्थी ने बताया कि चोर उनके घर से डेढ़ लाख रुपए नकद, 5.5 तोला सोने के जेवर और 1 किलो 200 ग्राम चांदी के जेवर चुराकर ले गए। चोरों ने एक घंटे में ही इस वारदात को अंजाम दिया। प्रार्थी ने बताया कि रात करीब 12 बजे उनका परिवार जाग रहा था। इसके बाद ही चोर उनके घर में घुसे। नीचे सो रही बड़ी भाभी को कूलर चलने की आवाज से चोरों की आवाज सुनाई नहीं दी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि चोरों की संख्या दो से तीन थी। लोगों को पता नहीं लगे, इसलिए वे चोरी के दौरान मोबाइल टॉर्च का उपयोग कर रहे थे।
एक हैड कांस्टेबल के भरोसे पुलिस चौकी
थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जावद पुलिस चौकी मात्र एक हैड कांस्टेबल के भरोसे संचालित है उनके पास और स्टाफ नहीं है जिससे चोरी जैसी घटना पर लगाम लग सके। चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस ने जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
जल्द पकड़ेंगे आरोपी: एसपी
सलूंबर के एसपी अरशद अली का कहना है कि घटना को लेकर संबंधित थानाधिकारी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। बदमाशों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाएगा। चुनाव की वजह से स्टाफ की कमी थी। ऐसे में चौकी पर स्टाफ तैनात कर दिया जाएगा।