नादाना ग्राम में गंदगी के ढेर तले दम तोड़ रहा स्वच्छ भारत मिशन,पंचायती राज दिवस पर गांव की सफाई व्यवस्था की खुल रही पोल, सफाई के बजट के बावजूद यह स्वच्छता
PALI SIROHI ONLINE
पाली जिले के रानी उपखण्ड के नादाना ग्राम पंचायत में गंदगी के ढेर तले दम तोड़ रहा स्वच्छ भारत मिशन, पंचायती राज दिवस पर गांवों की सफाई व्यवस्था की खुल रही पोल
नगराज वैष्णव
रानी उपखंड क्षेत्र के नादाना ग्राम पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन गंदगी के बोझ तले दबकर रह गया है। ग्राम पंचायत के गांव खरोकडा में गंदगी का ही बोलबाला है। सामुदायिक शौचालय टूटा हुआ हैं, तो कहीं पशुओं का मल सड़कों पर पसरा हुआ है। सफाई कर्मी सिर्फ कागजों पर है, जबकि गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। आलम यह कि गांव की हर गली गंदगी की गिरफ्त में जकड़ी हुई हैं।
इस गंदगी से ग्रामीण काफी परेशान हैं लेकिन जिम्मेदारों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। गांवों की नालियों के अलावा मुख्य सड़क पर भी कीचड़ पसरा रहता है। जिनके कंधों पर स्वच्छता अभियान की कमान है ऐसे जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ऐसे में धीरे-धीरे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर असर कर रहा है बीमारियों का शिकार हो रहे हैं गांव में सफाई की स्थिति इतनी खराब है कि गंदगी से जाम नालियां जिम्मेदारों के मौज की पोल खोल रही है। खरोकडा निवासी वखतावर सिंह का कहना है कि गांव में नाली के अभाव में पूरा पानी मुख्य सड़क पर पसरा रहता है। सड़क के बीच बने गड्ढों में हमेशा पानी भरे रहने से जहां आवागमन में समस्या हो रही हैं, वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। ग्रामीण दहशत के साए में जीने को मजबूर है
गांव के मुख्य चौराहे व उसके इर्द गिर्द गलीओं से निकला गंदा पानी बड़ी गंदगी में तब्दील हो जाता है। नतीजतन गर्मी में दुर्गंध के कारण ग्रामीणों का वहां से गुजरना मुहाल है। ग्राम पंचायत नादाना स्वच्छता अभियान पर जनप्रतिनिधि की यह अनदेखी हर किसी में आक्रोश उत्पन्न कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिले के बडे़ अधिकारी यदि इस गांव में दाखिल हो जाएं तो उनके सामने स्वच्छ भारत स्वस्थ्य भारत का सपना पंचायत द्वारा कैसे तार-तार किया जा रहा है इसकी कलई खुल जाए। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार प्रशासक प्रतिनिधि और उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद भी ठोस कदम नहीं उठाने से ग्रामीणों में काफी नाराजगी है

