PALI SIROHI ONLINE
मुंडारा में जलझूलनी एकादशी पर ठाकुरजी की रेवाड़ी निकली, गवई तालाब पर हुआ शाही स्नान
मुंडारा। जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर मुंडारा में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
नागर समाज के तत्वावधान में चारभुजा मंदिर से भगवान ठाकुरजी की रेवाड़ी (पालकी) की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई शोभायात्रा में श्रद्धालु गाजे-बाजे,ढोल-नगाड़ों,
कच्ची घोड़ी नृत्य और मंगलगीतों के साथ जय ठाकुरजी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
गांव में चारभुजा राज मंदिर,राजपुरोहित, सुथार,सोमपुरा,वैष्णव समाज सहित सभी समाजों ने एकजुट होकर भगवान ठाकुरजी की रेवाड़ी लेकर गवई तालाब के घाट पर पहुंचे। वहां विधि-विधान के साथ भगवान ठाकुरजी व देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना,आरती कर जयकारों के संग भगवान को शाही स्नान कराया गया।
ग्रामीणों ने भगवान ठाकुरजी के दर्शन कर शीश नवाकर परिवार की खुशहाली एवं समृद्धि की मंगलकामना की। साथ ही ग्रामीणों ने तालाब व जल की पूजा-अर्चना कर फल-फ्रूट, नारियल और अनाज अर्पित कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
इसी प्रकार समीपवर्ती डुंगरली, लालराई, लाटाड़ा, शिवतलाव, मोरखा, भीटवाड़ा, कोट बालियान गांवों में भी जलझूलनी एकादशी पर धूमधाम से रेवाड़ी निकाली गई।


