PALI SIROHI ONLINE
मुंडारा में चामुंडा माता का वार्षिक मेला कल शुक्रवार,25 सितम्बर को, तैयारियां पूरी
मुंडारा।भादवा शुक्ल पक्ष चतुर्दशी (अनंत चतुर्दशी) शुक्रवार, 25 सितम्बर को मुंडारा चामुंडा माता का वार्षिक मेला आयोजित होगा।
श्री चामुंडा माताजी मंदिर मुंडारा प्रबंधन समिति अध्यक्ष व उपखण्ड अधिकारी बाली दिनेशकुमार विश्नोई ने बताया कि मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भादवा शुक्ल पक्ष 14 (अनंत चतुर्दशी) को मुंडारा चामुंडा माता मंदिर के प्रथम पुजारी फुआजी देवासी का देवलोकगमन हो गया था। मंदिर परिसर के मुख्य गेट के सामने उन्हें समाधि दी गई थी। उसी उपलक्ष में प्रतिवर्ष अनंत चतुर्दशी को उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए मेले का आयोजन किया जाता है।
शुक्रवार, 25 सितम्बर को श्री चामुंडा माताजी मंदिर प्रबंधन समिति व चामुंडा माताजी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में मंदिर परिसर में मेला आयोजित होगा। मेले को लेकर पुजारी फुआजी देवासी की समाधि,चामुण्डा माता मंदिर व परिसर को आकर्षक रोशनी व पुष्पों से सजाया जा रहा है।
मंदिर प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष व तहसीलदार बाली सूरजपालसिंह देवड़ा ने बताया कि मेलार्थियों के लिए पेयजल,वाहन पार्किंग स्थल व चिकित्सालय परिसर में चिकित्सा व्यवस्था की गई है। पुलिस थाना सादड़ी व पुलिस चौकी लाटाड़ा द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहेगी।
मेले में राजस्थान प्रांत के साथ अन्य प्रांतों से हजारों भक्त चामुण्डा माता मंदिर मुंडारा में दर्शन करने व परिवार की खुशहाली की मंगलकामना करने के साथ ही ग्रामीण विकास, पंचायतीराज व आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री व माताजी के पुजारी ओटाराम देवासी से आशीर्वाद लेने के लिए शरीक होते हैं।
अध्यक्ष विश्नोई व उपाध्यक्ष देवड़ा ने बताया कि मंदिर परिसर में मेले के अंतर्गत व्यापारियों को दुकान निःशुल्क अस्थायी रूप से आवंटित की जाएगी।



