PALI SIROHI ONLINE
बाली-शराब पीने के दौरान दंपती में हुए विवाद में पत्नी ने पति के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद महिला एक बच्चे को लेकर बस स्टैंड पहुंची और मदद मागीं।
सूचना पर पुलिस की टीम जब घर पहुंची तो पति लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था और चार बच्चे उसके शव के पास बैठे थे। मामला पाली जिले के सादड़ी थाना क्षेत्र के मुंडारा गांव का है।सुबह 3 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली
सादड़ी थानाधिकारी हनवंत सिंह सोढ़ा ने बताया- शनिवार सुबह 3 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक मुंडारा बस स्टैंड पर एक महिला खड़ी है। जिसकी गोद में एक साल का बच्चा है। महिला से उसके पति ने मारपीट की है। सूचना पर टीम बस स्टैंड पहुंची। मगर महिला तब तक सादड़ी थाने पहुंच चुकी की थी।उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र निवासी महिला सोवनी देवी ने बताया कि वह मुंडारा से 2 किलोमीटर शिवतलाव रोड स्थित मोटो वाला बेरा पर पति के साथ किराए के मकान में रहती है। शुक्रवार रात से ही उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है।
महिला की शिकायत पर पुलिस की टीम सुबह 4 बजे मौके पर पहुंची। जहां महिला का पति डालूराम पुत्र दलाराम लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। शव के पास उसके चार बच्चे बैठे हुए थे।
पहले पति ने ईंट से किया वार, फिर पत्नी ने पत्थर से किया हमला
थाना अधिकारी ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि डालूराम और सोवनी देवी यहां किराए पर रहकर मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को डालूराम काम से लौटने के बाद शराब लेकर आया। दंपती ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि डालूराम ने सोवनी पर ईंट से वार कर उसे कमरे में बंद कर दिया और खुद बाहर आ गया। इसके बाद सोवनी खिड़की के रास्ते कमरे से बाहर निकल आई और पत्थर से पति के सिर पर हमला कर दिया। इससे घायल डालूराम लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गया।मुंडारा बस स्टैंड पहुंची महिला, लोगों से मांगी मदद
घटना के बाद सोवनी देवी अपने एक साल के बेटे के साथ पैदल 2 किलोमीटर मुंडारा बस स्टैंड पहुंच गई। मगर रात ज्यादा होने की वजह से बस स्टैंड सुनसान था। इसके बाद वह वापस घर लौट आई। थोड़ी देर बाद सोवनी वापस मुंडारा बस स्टैंड पहुंची और मौके पर मिले लोगों से मदद मांगी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर सादड़ी पुलिस के एएसआई श्याम सिंह मौके पर पहुंचे।
पिता के शव के पास बैठे रहे चार मासूम
पुलिस ने बताया- डालूराम और सोवनी देवी के 6 बच्चे हैं। जिसमें से 5 बच्चे दोनों के पास रहते थे। जबकि सबस बड़ा बेटा बाली में दादा-दादी के साथ रहता है। हत्या के बाद सोवनी देवी अपने छोटे बेटे को साथ ले गई। इस दौरान बाकी चार बच्चे पिता के शव के पास बैठे रहे।
एमओबी टीम ने लिए सैंपल
थाना अधिकारी हनवंत सिंह सोढ़ा ने बताया- घटना की सूचना पर एमओबी टीम ने मौके से सैंपल लिए हैं। शव को सादड़ी अस्पताल की मॉच्र्युरी मे रखवाया है। महिला से पूछताछ की जा रही है।

