PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू में कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरनः दो दिन तक 0 डिग्री पर रहा न्यूनतम तापमान, सोमवार को बढ़कर 3 डिग्री पहुंचा
माउंट आबू-राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में सर्दी का असर बरकरार है। शनिवार और रविवार को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु (0 डिग्री सेल्सियस) पर दर्ज किया गया। सोमवार को सुबह कोहरा छाए रहने के बीच तापमान में बढ़ोतरी हुई और पारा 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि, ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। धूप निकलने के बाद स्थानीय लोगों और सैलानियों को कुछ राहत मिली।कोहरे और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
सोमवार सुबह माउंट आबू में कोहरे की चादर छाई रही। ठंडी हवाएं चलने से तापमान बढ़ने के बावजूद सर्दी का असर कम नहीं हुआ। कोहरे के कारण लोगों को ठंड ज्यादा महसूस हुई। सुबह के समय सड़कों और पर्यटन स्थलों पर पर्यटक गर्म कपड़ों में नजर आए।चाय की चुस्कियों के साथ अलाव का सहारा
सर्दी से बचने के लिए सुबह पर्यटक चाय की दुकानों पर पहुंचते नजर आए। दुकानों पर गर्म चाय की चुस्कियों के साथ लोग अलाव तापकर ठंड से बचाव करते दिखे। वहीं, कुछ पर्यटक टोपी, जैकेट और गर्म कपड़े पहनकर सुबह की सैर का आनंद लेते नजर आए। धूप खिलने के बाद मौसम सुहावना हुआ और लोगों को ठंड से राहत मिली।पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने पर फिर गिरेगा पारा
सोमवार को दिनभर मौसम का मिजाज पिछले दिनों जैसा ही बना रहा। मौसम में बदलाव के बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने पर न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में माउंट आबू में पारा दोबारा जमाव बिंदु तक पहुंचने या उससे नीचे जाने की आशंका जताई जा रही है।

