PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में रविवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई है। नक्की झील भी ओवरफ्लो होने के करीब पहुंच गई है।जल संसाधन विभाग, सिरोही के अनुसार, माउंट आबू में अब तक कुल 1008.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में 9.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश लगातार हो रही है।
बारिश और कोहरे के बावजूद, माउंट आबू घूमने आए पर्यटक, विशेषकर बच्चे, इस मौसम का आनंद ले रहे हैं। कहते है न बचपन हर गम से बेगाना होता है, माउंट आबू में बरसती बारिश में बच्चे ऐसे ही बरसती बारिश का आनन्द लेते नजर आ रहे थे। कई बच्चे अपने अभिभावकों के साथ बारिश में मस्ती करते और हल्के-फुल्के अंदाज में नाचते हुए भी देखे गए।लगातार हो रही बारिश के कारण नक्की झील का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और यह ओवरफ्लो होने की कगार पर है। यदि बारिश का यह क्रम जारी रहता है, तो झील जल्द ही पूरी तरह भर जाएगी।


