PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह मादक पदार्थ तस्करी का मामला सामने आया। आऊवा के पास तस्करों की कार एक बस से टकरा गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, पुलिस के पकड़े जाने के डर से कार में सवार तस्कर मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
मारवाड़ जंक्शन थानाप्रभारी सहदेव चौधरी ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि आऊवा के पास एक कार बस से टकरा गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके परपहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के अंदर से 44 किलो 644 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर कार को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद तस्करों के मौके से फरार होने को लेकर पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है। पुलिस कार के मालिक और उसमें सवार आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई कर रही है।


