PALI SIROHI ONLINE
आऊवा-मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सूर्यनगरी एक्सप्रेस में गश्त के दौरान जीआरपी पुलिस ने ट्रॉली बैग से 17 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस मामले में 22 साल के युवक को गिरफ्तार किया गया है।
जीआरपी थानाधिकारी देवाराम देवासी ने बताया कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी ट्रेन संख्या 12479सूर्यनगरी एक्सप्रेस के एस-थ्री स्लीपर कोच में गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग के साथ खड़ा मिला। पुलिस ने शक होने पर उससे पूछताछ की और बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से अलग ब्रांड की कुल 17 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें जब्त कर आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अजीत नागौर जिले के मेडतारोड थाना क्षेत्र के खेहुली गांव का निवासी है। थानाधिकारी देवासी ने बताया कि ट्रेनों में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अवैध मादक पदार्थों, शराब, हथियार और बहुमूल्य सामग्री-नकदी के परिवहन को रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

