PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू। सिरोही जिले के माउंट आबू कस्बे में एक युवक का होटल से किडनैप कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने डेढ़ लाख रुपए की फिरौती लेकर युवक को छोड़ा। यह घटना 10 जून की रात को हुई, जिसके बाद माउंट आबू पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, मंडवारिया (बरलूट) निवासी झालाराम पुत्र कसनाराम रबारी 10 जून को माउंट आबू की एक होटल में ठहरे हुए थे। रात में कुछ युवक होटल पहुंचे और झालाराम का किडनैप कर लिया। उनके साथ उनके साथी चिमनभाई का भी किडनैप किया गया।
डेढ़ लाख रुपए की फिरौती लेकर छोड़ा
आरोपियों ने झालाराम को भूतगांव निवासी खुशवंत रावल पुत्र दिलीपभाई और मनादर निवासी राजूभाई रावल समेत अन्य लोगों को वीडियो कॉल पर दिखाया। अपहरणकर्ताओं में जगमाल सहित 5 लोग शामिल बताए गए हैं। उन्हें बाड़मेर के एक गांव ले जाकर धमकियां दी गईं और धोरों में घुमाया गया। डेढ़ लाख रुपए देने के बाद अपहरणकर्ताओं ने झालाराम को भारतमाला रोड पर एक होटल के पास उनकी गाड़ी समेत छोड़ दिया।
एटीएस का बताकर धमकाया
अपहरणकर्ताओं ने खुद को जयपुर एटीएस से बताकर
झालाराम को धमकाया। उन्होंने कहा कि “तेरे 98 लाख रुपए मांग रहे हैं, वे दे दें, नहीं तो यह तेरी जिंदगी की आखिरी रात होगी।” झालाराम ने बताया कि खुशवंत रावल के साथ उनका पुराना लेन-देन का विवाद था। खुशवंत उनसे 20 लाख रुपए मांगता था, जबकि झालाराम का दावा है कि उन्हें खुशवंत से 98 लाख रुपए लेने थे। पुलिस ने झालाराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


