PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-मंडार थाना क्षेत्र के मगरीवाड़ा गांव में 8 साल की बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, बच्ची को मामूली पेट दर्द होने पर गांव में ही एक निजी दवाखाने पर ले जाया गया था। वहां दवा और इंजेक्शन देने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद गुजरात ले जाते समय बच्ची ने दम तोड़ दिया।घटना के बाद आक्रोशित परिजन मंडार के सरकारी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।पेट दर्द होने पर क्लिनिक लेकर गए थे परिजन
पुलिस के अनुसार रानीवाड़ा खुर्द निवासी जयन्तीलाल रावल ने रिपोर्ट दी है कि उनकी पत्नी डिम्पल शनिवार को अपनी बेटी विदिशा (8) के साथ पीहर मगरीवाड़ा आई थी। सोमवार को विदिशा को हल्का पेट दर्द होने पर परिजन उसे गांव में ही लक्ष्मण उर्फ लखन के निजी दवाखाने पर ले गए।
आरोप है कि वहां लक्ष्मण ने बच्ची को दवा पिलाई और इंजेक्शन लगाया। इसके तुरंत बाद उसकी तबीयत ज्यादाबिगड़ गई। बच्ची के मुंह से झाग निकलने लगा और नाक से खून आने लगा।
मोटरसाइकिल पर लेकर गुजरात रवाना हुआ क्लिनिक संचालक
बच्ची की हालत बिगड़ने पर क्लिनिक संचालक लक्ष्मण ने परिजनों से कहा कि वह उसे बड़े अस्पताल ले जा रहा है और उन्हें पीछे आने के लिए कहा। इसके बाद वह बच्ची को मोटरसाइकिल पर लेकर गुजरात की तरफ रवाना हो गया। परिजन ऑटो रिक्शा से पीछे-पीछे आस्था हॉस्पिटल, पांथावाड़ा पहुंचे। वहां डॉक्टर ने बच्ची की जांच के बाद उसे डीसा ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद लक्ष्मण बच्ची को लेकर डीसा के लिए रवाना हुआ, लेकिन पांथावाड़ा और डीसा के बीच रास्ते में ही बच्ची की मौत हो गई। डीसा अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि बच्ची की मौत करीब आधे घंटे पहले हो चुकी थी।
पहले भी दवाखाना सीज होने का आरोप
पिता जयन्तीलाल ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि लक्ष्मण के पास इलाज करने की कोई वैधानिक डिग्री नहीं है। परिजनों के अनुसार, वह नीम हकीम है और पहले भी उसका दवाखाना सीज करने की कार्रवाई हो चकी है। परिजनों काआरोप है कि गलत इलाज के कारण बच्ची की जान गई।
मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, उसे गिरफ्तार करने और दवाखाने को सीज करने की मांग की है। साथ ही, शव का वीडियोग्राफी के साथ मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग भी की गई है। पुलिस मामले की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।




