PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-सिरोही जिले के मंडार थाना क्षेत्र में कांडला हाईवे पर कार और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसा बीती रात करीब 12 बजे मंडार-सोनेला के बीच हुआ। कार सवार पांचों लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक व्यक्ति को मामूली चोट आई है।
सीआई प्रवीण आचार्य ने बताया- ट्रेलर मंडार से रेवदर की तरफ आ रहा था, जबकि कार रेवदर से रानीवाड़ा की ओर जा रही थी। कार में घांची समाज के पांच लोग सवार थे, जो रेवदर में एक समारोह में शामिल होकर वापस रानीवाड़ा लौट रहे थे।
सोनेला के पास दोनों वाहनों की टक्कर के बाद वे हाईवे के दोनों ओर जा घुसे। देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति को चोट आई, जिसे इलाज के लिए भेजा गया।
टैंकरों से डेढ़ घंटे में बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही मंडार सीआई प्रवीण आचार्य, कांस्टेबल कुलदीप सिंह और पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पानी के टैंकरों की व्यवस्था की। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर कबाड़ हो चुके थे।
आग बुझने के बाद पुलिस ने हाईवे पर बाधित यातायात को सुचारू करवाया।
आग बुझने के बाद पहुंची दमकल
घटना के दौरान रेवदर उपखंड क्षेत्र में दमकल की कमी भी सामने आई। ग्रामीणों और पुलिस ने टैंकरों की मदद से आग बुझाई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं होने के बावजूद उपखंड मुख्यालय पर दमकल की स्थायी व्यवस्था नहीं है। ऐसे में आपात स्थिति में ग्रामीणों और पुलिस को अपने स्तर पर इंतजाम करने पड़ते हैं।



