PALI SIROHI ONLINE
मालनू में डेडेसी माताजी मंदिर के 33वें वार्षिक महोत्सव में पहुंचे राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, श्रद्धालुओं से हुए रूबरू
बाली। बाली उपखण्ड के मालनू ग्राम स्थित प्रसिद्ध डेडेसी माताजी मंदिर में आयोजित 33वें वार्षिक दो दिवसीय मेला महोत्सव के अवसर पर राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री एवं सिरोही विधायक ओटाराम देवासी ने शिरकत की। उनके आगमन पर ग्रामीणों एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने साफा एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने डेडेसी माताजी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से रूबरू होकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और महोत्सव की व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने डेडेसी माताजी के उपासक दलाराम देवासी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मेला महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। धार्मिक वातावरण के बीच भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

