PALI SIROHI ONLINE
कुंडाल में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
बाली उपखंड के कुंडाल ग्राम में धरती आबा क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती डॉक्टर भीमराव अंबेडकर संघ बीजापुर के सानिध्य में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभु राम गरासिया ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा किए गए संघर्षों और समाज के उत्थान के लिए दिए गए योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं नेका राम ने उनके आदर्शों को अपनाने तथा शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए समाज के युवाओं से शिक्षित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार और आदर्श आज भी समाज को जागरूकता, एकता और संघर्ष की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर प्रकाश वार्ड पंच, हूसा राम, वार्ड पंच लाला राम, लक्ष्मण भाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।






