PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखण्ड के कोठार ग्राम की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज शिक्षक दिवस उत्साह, उमंग और रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में इस बार शिक्षक दिवस को कुछ अलग अंदाज में मनाते हुए “शिक्षक बने विद्यार्थी और विद्यार्थी बने शिक्षक” की थीम को साकार किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई। विद्यार्थियों ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए विभिन्न कक्षाओं में शिक्षण कार्य किया, वहीं विद्यालय के शिक्षक विद्यार्थियों की भूमिका में नजर आए।
इस अनूठी गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षक की जिम्मेदारी, शिक्षण की चुनौतियों तथा विद्यार्थियों को समझने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव कराना था।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ शिक्षक की भूमिका निभाई और अपने सहपाठियों को विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विविध गतिविधियां की गई ।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मिलकर शिक्षक दिवस को यादगार बनाया।
विद्यालय के इस अभिनव आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे की भूमिका और जिम्मेदारियों को समझना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठार का यह शिक्षक दिवस समारोह शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच आपसी समझ, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला रहा।

