PALI SIROHI ONLINE
हनुमान सिंह राव
बाली उपखंड के खीमेल गांव स्थित नर्बदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सावन के अंतिम सोमवार को धार्मिक आयोजन हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर नमः शिवाय के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।
मंदिर में महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान महादेव की महिमा का गुणगान किया। साथ ही हवन का भी आयोजन किया गया। पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का अभिषेक कर आकर्षक श्रृंगार किया। मंदिर के गर्भगृह में स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं सहित हनुमानजी का भी विशेष श्रृंगार किया गया।
इस अवसर पर पंडित संजय श्रीमाली ने मनसा-वाचा व्रतधारियों को कथा का श्रवण करवाया और व्रत के महत्व की जानकारी दी। कथा के समापन पर पुजारी संजय श्रीमाली ने आरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं को कदली फल का प्रसाद वितरित किया गया।
धार्मिक आयोजन में मनसा-वाचा व्रतधारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे और भगवान शिव की आराधना में लीन नजर आए।


