PALI SIROHI ONLINE
कालंद्री-कालंद्री | कालंद्री से डोडुआ जाने वाले सड़क मार्ग पर रविवार शाम करीब 5 बजे कार और बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा नवोदय स्कूल से आगे रपट के पास 90 डिग्री एंगल के खतरनाक मोड़ पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक टुकड़ों में बिखर गई। बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट लगी।
मौके पर ही मौत हो गई। इस मोड़ पर दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर नहीं हैं। पहले भी हादसे हो चुके हैं। कालंद्री से डोडुआ की ओर जा रही कार की डोडुआ से कालंद्री की ओर आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हुई। सूचना पर कालंद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस से युवक को कालंद्री अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कालंद्री थाना के एएसआई घेवरचंद ने बताया कि मृतक की पहचान वीराराम चौधरी (36) पुत्र रगाराम चौधरी निवासी बरलूट के रूप में हुई। मृतक के जीजा कसनाराम चौधरी ने थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज किया। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। रविवार को देर होने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को कालंद्री अस्पताल की मोर्चरी में डी फ्रिज में रखवाया गया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के परिवार में पत्नी झमु देवी, पुत्र ललित (11) और पुत्री दीक्षा (7) हैं।


