PALI SIROHI ONLINE
1 अगस्त से बदल जाएगी जोधपुर की 4 ट्रेनों की टाइमिंग
-जोधपुर सहित कई स्टेशनों पर पहले पहुंचेगी साबरमती एक्सप्रेस
-रेलवे ने बदली इन ट्रेनों की आंशिक समय-सारिणी,रानीखेत व रणथंभौर एक्सप्रेस का समय भी संशोधित
जोधपुर। अगस्त की शुरुआत के साथ ही रेल यात्रियों के लिए अहम बदलाव लागू होने जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 1 अगस्त से जोधपुर मंडल से होकर गुजरने वाली चार प्रमुख ट्रेनों की समय-सारिणी में आंशिक संशोधन किया है। इसके तहत कई स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में 10 से 30 मिनट तक का बदलाव किया गया है। रेलवे का कहना है कि यह कदम ट्रेनों के संचालन को अधिक समयबद्ध बनाने और परिचालन में सुधार के उद्देश्य से उठाया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस जैसलमेर से अपने निर्धारित समय सुबह 6.30 बजे रवाना होगी,लेकिन फलोदी,ओसियां, जोधपुर,भगत की कोठी,लूनी,दुंदाड़ा और समदड़ी स्टेशनों पर पहले की तुलना में 10 से 20 मिनट पहले पहुंचेगी और रवाना होगी। समदड़ी के बाद ट्रेन का समय यथावत रहेगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस फलोदी तक अपने पुराने समय पर चलेगी, जबकि ओसियां,तिंवरी,मारवाड़ मथानियां, राईका बाग,जोधपुर,भगत की कोठी,लूनी और समदड़ी तक इसका संचालन 10 से 20 मिनट पहले होगा। समदड़ी के बाद ट्रेन की समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ये रहेगा नया समय
20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस फलोदी 8.50/8.55 बजे,ओसियां 9.52/9.55 बजे,जोधपुर 11.30/11.40 बजे,भगत की कोठी 11.48/11.50 बजे,लूनी 12.12/12.15 बजे,दुंदाड़ा 12.38/12.40 बजे और समदड़ी 1.00/1.05 बजे पहुंचेगी व रवाना होगी। वहीं 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस फलोदी 6.15/6.20 बजे,मारवाड़ लोहावट 6.40/6.42 बजे,ओसियां 7.30/7.32 बजे, तिंवरी 7.48/7.50 बजे,मारवाड़ मथानियां 8.03/8.05 बजे,राईका बाग 8.40/8.42 बजे,जोधपुर 9/9.10 बजे, भगत की कोठी 9.20/9.22 बजे,लूनी 9.49/9.52 बजे तथा समदड़ी 10.40/10.45 बजे पहुंचेगी और रवाना होगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस अब जैसलमेर स्टेशन पर रात 11 बजे के बजाय 11.30 बजे पहुंचेगी। वहीं 12465 इंदौर-भगत की कोठी रणथंभौर एक्सप्रेस का भगत की कोठी आगमन समय 10.20 बजे से बदलकर 10.30 बजे कर दिया गया है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की संशोधित समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

