PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस अब गांधीग्राम तक चलेगी,26 अगस्त से बदलेगा टर्मिनल
-चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर नया ठहराव मिला
जोधपुर। अहमदाबाद जाने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय ने जोधपुर-साबरमती के बीच प्रतिदिन चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का टर्मिनल साबरमती से बदलकर गांधीग्राम करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही ट्रेन का नाम भी जोधपुर-गांधीग्राम एक्सप्रेस होगा। नई व्यवस्था 26 अगस्त 2026 से लागू होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 14821 जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस 26 अगस्त से गांधीग्राम तक संचालित होगी। यह ट्रेन जोधपुर से सुबह 10 बजे रवाना होकर रात 9 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या14822 गांधीग्राम-जोधपुर एक्सप्रेस 27 अगस्त से गांधीग्राम स्टेशन से सुबह 7 बजे रवाना होकर शाम 6.10 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन को आवागमन में चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर नया ठहराव भी दिया गया है। जोधपुर से जाने वाली ट्रेन यहां रात 8.15 बजे पहुंचेगी और 8.17 बजे रवाना होगी। वापसी में गांधीग्राम से चलने वाली ट्रेन सुबह 7.09 बजे पहुंचेगी और 7.11 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे के अनुसार इस बदलाव से जोधपुर और पालनपुर स्टेशनों पर ट्रेन के समय में कोई परिवर्तन नहीं होगा। केवल अंतिम टर्मिनल को साबरमती से गांधीग्राम स्थानांतरित किया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से टिकट बुकिंग और यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित टर्मिनल व समय-सारिणी का ध्यान रखने की अपील की है।
इसलिए सुविधाजनक है गांधीग्राम स्टेशन
गांधीग्राम रेलवे स्टेशन अहमदाबाद शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित है। यह स्टेशन साबरमती रिवरफ्रंट और गांधी आश्रम के निकट होने से यात्रियों के लिए सुविधाजनक माना जाता है। जोधपुर–गांधीग्राम एक्सप्रेस का टर्मिनल यहां होने से यात्रियों को अहमदाबाद के केंद्रीय हिस्से तक बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।
