PALI SIROHI ONLINE
*रामदेवरा मेले में होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम,15 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे*
जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा रामदेवरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रेलवे स्टेशन परिसर की प्रभावी निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके तहत राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड के रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर मेले के दौरान अतिरिक्त निगरानी के लिए 15 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रामदेवरा देश का प्रमुख आस्था केंद्र है,जहां मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु रेल मार्ग से पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर,प्रवेश एवं निकास द्वार,प्लेटफॉर्म और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि और कैमरों के माध्यम से पूरे स्टेशन परिसर की चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग होगी। इससे भीड़ प्रबंधन,संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने,चोरी,जेबतराशी तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी को प्रभावी सहायता मिलेगी। आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई भी की जा सकेगी।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य रामदेवरा आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित,व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक तकनीक से सुदृढ़ किया जा रहा है।

