PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे जातरूओं से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में 16 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही एक बस ने कट मारा, जिसकी वजह से बैलेंस बिगड़ा और ये हादसा हुआ।
हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे आगोलाई के पास हुआ। सभी घायलों को एम्बुलेंस से मथुरादास माथुर हॉस्पिटल लाया गया। अधिकांश के सिर, हाथ और पैर में चोट लगी है। रातकरीब 12:30 बजे तक घायलों को अलग-अलग एम्बुलेंस से हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से उतरा, सभी उछलकर नीचे गिरे। सभी घायल एमपी के राजगढ़ तहसील के बागपुरा और मानीपुरा के रहने वाले है।
इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत देर रात घायलों से मिलने पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही एमडीएम हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट डॉ. विकास राजपुरोहित हॉस्पिटल पहुंचे और टीम को अलर्ट किया।प्रत्यक्षदर्शी बोला- बस ने कट मारा, साइड नहीं लेते तो एक्सीडेंट हो जाता
रामदेवरा जातरूओं में शामिल पप्पू तंवर ने बताया कि सभी एमपी के राजगढ़ तहसील के रहने वाले हैं। ट्रैक्टर में करीब 50 लोग सवार थे, जो बागपुरा और मानीपुरा के रहने वाले हैं।
पप्पू तंवर ने बताया कि हम सभी ट्रैक्टर के पीछे लगी ट्रॉली में बैठे थे। रामदेवरा दर्शन कर जोधपुर के मसूरिया दर्शन करने आ रहे थे। इसी दौरान सामने से स्पीड में बस आई। बस बिल्कुल ट्रैक्टर के सामने आ रही थी। बस के पीछे एक ट्रक भी था। बस से बचाने के लिए जैसे ही ड्राइवर ने ट्रैक्टर को साइड किया, बस कट मारते हुए निकली।
ऐसे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चला गया और पलटी खा गया। उसने बताया कि यदि ट्रैक्टर को साइड नहीं करते तो बस वाला समने से टक्कर मार देता। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वे दो साल से बाबा रामदेवरा के दर्शन करने आ रहे हैं।ट्रॉली में सवार थे 50 लोग, लकड़ी के पट्टे के ऊपर आदमी और नीचे महिलाएं थी
इस हादसे में घायल महिला रेशमा ने बताया कि सभी 1 सितंबर को एमपी से दर्शन करने के लिए निकले थे। ट्रॉली में एक लकड़ी का पट्टा लगाकर पार्टिशन कर रखा था। इसमें ऊपर की तरफ आदमी और नीचे की तरफ औरतें बैठी थी। जैसे ही ट्रैक्टर पलटा सभी उछलकर बाहर गिरे।घायलों से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री
करीब 7 एम्बुलेंस से इन सभी घायलों को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल लाया गया। इधर, जैसे ही परिजनों ने घायलों की स्थिति देखी वे बिलखने लगे। इस दौरान साथ के लोगों ने उन्हें संभाला। इधर, इस हादसे की सूचना मिलने पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत घायलों से मिलने पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
वहीं मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि हादसे में 16 लोग घायल हुए है। हमें इसकी सूचना मिल गई थी, ऐसे में अस्पताल में पूरी तैयारी कर रखी थी। जैसे ही घायलों को लाया गया, इनका इलाज शुरू कर दिया गया।
हादसे में दो से तीन लोगों को गंभीर चोट लगी है। इनमें कुछ लोगों के सिर में भी चोट लगी है।
ये हुए घायल
इस हादसे में द्रोपदी, कैलाश, मिथुर, अमर सिंह, मदनलाल, मोहन, रेशम, करण सिंह, बन्ने सिंह, सोहनी, भुरा, शारदा देवी, कैला बाई और लखन घायल हो गए।

