PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर में शादी के बाद महिला घर से गहने और रुपए लेकर फरार हो गई। इतना ही नहीं, जब रुपये और जेवरात लौटाने को कहा तो उसने झूठे केस में फंसाने की धमकी तक दे डाली। मामला शहर के रातानाडा थाना क्षेत्र का है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि साल 2024 में वे अपने छोटे भाई की शादी के लिए लड़की तलाश रहे थे। इसी दौरानपरिचितों के माध्यम से एक महिला से पहचान हुई। उसने मध्य प्रदेश निवासी सोनिया बाई के बारे में बताया और कहा कि लड़की का परिवार गरीब है, इसलिए शादी का पूरा खर्च परिवादी को ही उठाना होगा। आरोप है कि शादी के लिए ढाई लाख रुपए कैश दिए गए थे।
2 साल पहले जून में हुई थी शादी
रिपोर्ट में परिवादी ने बताया-1 जून 2024 को वह परिचितों और भाई के साथ एमपी (मध्य प्रदेश) के खरगोन गया था। 3 जून 2024 को सोनिया बाई से मुलाकात हुई। वहां 500 रुपए के स्टांप पेपर पर शादी का करार लिखा गया और इसके बाद दोनों ने मंदिर में एक-दूसरे को माला पहनाई। इस दौरान पीड़ित परिवार की ओर से सोनिया को सोने-चांदी के जेवर और कपड़े भी दिए गए।
घर में कोई नहीं था, मौका पाकर हुई फरार
आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद सोनिया को जोधपुर लाया गया। कुछ दिनों तक उसका व्यवहार सामान्य रहा। रिपोर्ट के अनुसार, 19 जून को परिवादी का भाई गांव चला गया था और वह खुद अपनी ड्यूटी पर था। इस दौरान जब दोपहर 3 बजे परिवार के लोग घर आए तो वहां सोनिया नहीं थी। इसके साथ ही अलमारी में रखे गहने और रुपये भी गायब थे। आरोप है कि वह घर में रखे 4 तोले जेवरात और 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गई।कॉल किया तो कहा सामान लौटा देंगे, फिर दी धमकी पीड़ित परिवार ने रिपोर्ट में बताया कि शुरुआत में जब सोनिया को कॉल किया गया तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में जब उससे बात हुई तो उसने कहा कि वह वापस नहीं आना चाहती। जब परिवार की ओर से जेवरात और रुपये लौटाने को कहा गया, तो उसने कुछ दिनों में हिसाब करने की बात कही। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब दोबारा सामान लौटाने को कहा गया, तो उसने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

