PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-बरलूट थाना क्षेत्र जावाल के गोल रोड स्थित बड़ी किबली मामाजी मंदिर के सामने बुधवार दोपहर करीब 1 बजे एक हादसा हो गया। बाड़मेर से गुजरात और उदयपुर के बीच बिछाई जा रही हाई टेंशन लाइन का एक विशाल बिजली टावर अचानक गिर गया। इस हादसे में टावर पर काम कर रहे पश्चिम बंगाल निवासी तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जावाल क्षेत्र में पिछले दो महीनों से इस पावर लाइन परियोजना का काम चल रहा था। टावर गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को दी गई प्रारंभिक सूचना रिपोर्ट में बताया गया है कि तीनों मजदूर करीब 45 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिरे थे।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मजदूरों को पहले जावाल अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सिरोही जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्हें सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दो ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गए और छह बिजली लाइनें टूट गईं। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी राहुल एसके पुत्र नजरुख एसके, मोरसलीम पुत्र असीमुद्दीन और पंचू शेख पुत्र अफसर अली के रूप में हुई है। इन तीनों का मंगलवार देर शाम को पोस्टमार्टम किया गया।
बरलूट थानाधिकारी कैलाश दान ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल पर अन्य अधिकारियों को भेजकर पहले अस्पतालपहुंचकर घायलों की स्थिति देखी। डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद, घायलों के परिजनों की तरफ से दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।


