PALI SIROHI ONLINE
जालोर-शिव सेना की ओर से आज ग्राम मूडतरा सिली स्थित टोल प्लाजा पर शिव सेना (UBT) जालोर जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित की अध्यक्षता में एकजुट होकर प्रदर्शन किया गया एवं राजस्थान स्टेट हाईवे अथॉरिटी (NHAI) के नाम प्रोजेक्ट मैनेजर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि ग्राम मूडतरा सिली एवं आसपास के स्थानीय ग्रामीणों और किसानों को टोल शुल्क से पूर्ण रूप से मुक्त किया जाए।
शिव सेना ने बताया कि यह टोल प्लाजा ग्राम की आबादी एवं सीमा क्षेत्र के भीतर स्थापित है, जिससे ग्रामीणों, किसानों, पशुपालकों एवं आम नागरिकों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए बार-बार टोल देना पड़ रहा है। खेती-बाड़ी, पशुपालन, शिक्षा, चिकित्सा और रोज की जरूरतों के लिए गांव से बाहर आना-जाना ग्रामीणों की मजबूरी है, ऐसे में टोल वसूली अन्यायपूर्ण, अव्यवहारिक और अमानवीय है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि टोल कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार, धमकी एवं जबरन वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे गांव में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। शिव सेना ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान शिव सेना (UBT) जालोर जिला सचिव योगी शेषनाथ, जसवंतपुरा तहसील प्रमुख ऊमाराम पुरोहित, जालोर शहर प्रमुख मिश्रीमल परिहार सहित हरसन कुमार, मंशाराम, धुकाराम, जाकिर खान, चेलाराम देवासी, जवजी, तेजाराम, सरपंच ओंकार दास, रमेश व ओमपुरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्य मांगे
ग्राम मूडतरा सिली के सभी स्थायी निवासियों एवं स्थानीय वाहनों को टोल प्लाजा से पूर्ण छूट दी जाए।
कृषि कार्य लिए उपयोग में आने वाले ट्रैक्टर, जीप, पिकअप सहित किसानों के वाहनों से टोल वसूली तुरंत बंद की जाए।
टोल कर्मचारियों को ग्रामीणों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के सख्त निर्देश जारी किए जाएं और दुर्व्यवहार पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
- शिव सेना (UBT) ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसानों एवं ग्रामीणों के हित में टोल गेट के सामने लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
