PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
जालोर-जोगावा गांव में बुधवार दोपहर पानी की टंकी के पास बैठे 40 साल के अखाराम मेघवाल की उनके भतीजे ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। हमले में अखाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच 4 साल से रंजिश चल रही थी। बबूल के पेड़ को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद आरोपी के पिता की मौत हो गई थी और तभी से वह अपने काका से बदला लेना चाहता था।
घटना सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को आहोर हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण बुधवार रात पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका, जो अब गुरुवार को किया जाएगा।
यह घटना जालोर जिले के आहोर थाना क्षेत्र से करीब 10 किलोमीटर दूर आहोर-शंखवाली मार्ग पर उप स्वास्थ्य केन्द्र के सामने हुई, जहां अखाराम मेघवाल का शव मिला।
उप स्वास्थ्य केन्द्र के सामने मिला शव
जालोर डीएसपी छतरसिंह के अनुसार जोगावा गांव निवासी अखाराम (40) पुत्र दलाराम मेघवाल बुधवार दोपहर आहोर-शंखवाली मार्ग पर स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र के सामने सड़क किनारे मृत अवस्था में मिले। उनके सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आहोर थानाधिकारी करणसिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाद में शव को आहोर हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
पुलिस की एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, ताकि मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।
बबूल का पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
आहोर थाने के एएसआई रामेश्वरलाल ने बताया कि मृतक अखाराम और आरोपी वीजाराम आपस में काका-भतीजा हैं। दोनों के घर पास-पास बने हुए हैं। करीब 4 साल पहले घर के आगे खड़े एक बबूल के पेड़ को काटने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
एएसआई के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। इस दौरान अखाराम ने कूट से वीजाराम के पैर पर वार कर उसे घायल कर दिया था। झगड़ा बढ़ने पर अखाराम और उसके चचेरे भाई के बीच भी मारपीट हुई। इसी दौरान वीजाराम के पिता मोपाराम के सिर पर गंभीर चोट लग गई थी। बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार इसके बाद से वीजाराम अपने काका अखाराम से रंजिश रखता था। वह अपने पिता की मौत का बदला लेना चाहता था और कई बार अखाराम को जान से मारने की धमकी भी दे चुका था। बुधवार को अपने काका अखाराम पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
बस स्टैंड के पास किया हमला
एएसआई रामेश्वरलाल ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे अखाराम जोगावा बस स्टैंड पर बनी पानी की टंकी के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का वीजाराम पुत्र मोपाराम (24) वहां पहुंचा और कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अचानक हुए हमले में अखाराम को संभलने का मौका नहीं मिला। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
मजदूरी करता था मृतक, ट्रैक्टर ड्राइवर है आरोपी
ग्रामीणों के अनुसार मृतक अखाराम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वहीं आरोपी वीजाराम ट्रैक्टर ड्राइवर का काम करता है।
रिपोर्ट नहीं मिलने से टला पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने परिजनों से घटना की रिपोर्ट देने के लिए कहा था, लेकिन देर रात तक थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई। इसी कारण बुधवार को पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमॉर्टम कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


