PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के देवगढ़ क्षेत्र में गैर मुमकिन ओरण (गौचर) भूमि पर भूमाफियों के द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने का मामला सामने आया है। इसे लेकर गोविन्दला निवासी जीवनसिंह पुत्र मंगलसिंह राजपुरोहित ने बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
खाई खोदकर तारबंदी करने का आरोप
शिकायतकर्ता जीवनसिंह ने बताया- देवगढ़ सरहद और पटवार हल्का सेलडी के अंतर्गत आने वाले खसरा संख्या 125 पर कमला देवी पत्नी लादूसिंह और जोरसिंह पुत्र लादूसिंह की खातेदारी भूमि स्थित है। आरोप है कि इस खातेदारी भूमि से सटी हुई सरकारी गैर मुमकिन ओरण भूमि पर कमला देवी के पति लादूसिंह और जोरसिंह ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमणकारियों ने ओरण भूमि के चारों तरफ जेसीबी मशीन चलाकर गहरी और बड़ी खाई खोद दी है और उसके ऊपर अवैध रूप से तारबंदी कर दी है। इस घेराबंदी के कारण गांव के मवेशियों और पशुधन के लिए चरने की जगह पूरी तरह खत्म हो गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
कब्जा हटवाने की मांग
सार्वजनिक और ओरण भूमि पर किए गए इस अवैध कब्जे और तारबंदी को तुरंत हटवाया जाए। साथ ही सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचाने और अवैध अतिक्रमण करने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की हैं।


