PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के बागोड़ा थाना क्षेत्र में भारत माला हाईवे पर गुरुवार शाम सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। रामदेवरा से गुजरात जा रही तेज कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई हाईवे की ऊंचाई से करीब 100 मीटर नीचे जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव मॉर्च्यूरी में रखवाए।
घर लौटते समय हुआ हादसा
थानाधिकारी बलदेवराम के अनुसार, भालनी गांव निवासी रूपा की ढाणी के रहने वाले रमेश कुमार (38) और पोसा राम (40) पुत्र मोड़ाराम भील बागोड़ा से घरेलू सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे।
शाम करीब 6 बजे भारत माला हाईवे पर चढ़ने के कुछ देर बाद वे बागोड़ा टोल प्लाजा से करीब चार किलोमीटर दूर धुम्बड़िया नदी पुल के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही बलेनो कार ने अनियंत्रित होकर बाइक को टक्कर मार दी।
100 मीटर नीचे गिरने से मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों भाई एक्सप्रेस-वे की ऊंचाई से नीचे जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर बागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर बागोड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
कार छोड़कर फरार हुए आरोपी
हादसे के बाद कार सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

