PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर-आहोर मार्ग पर शुक्रवार को भैसवाड़ा और आहोर के बीच पेट्रोल पंप के पास निजी एंबुलेंस और सवारियों से भरी निजी जीप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 10 साल की बालिका और 3 साल का बच्चे समेत नौ लोग घायल हो गए। इनमें पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।मोड़ पर आमने-सामने हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा पेट्रोल पंप के पास बने मोड़ पर हुआ। जालोर से आ रही निजी एंबुलेंस और आहोर से जालोर जा रही निजी जीप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के समय जीप में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल, आहोर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।ये पांच घायल हुए गंभीर
घटना में हरीज निवासी डायाराम (40) पुत्र गजाराम मीणा, उम्मेदपुर निवासी पानाराम (50) पुत्र समाराम मीणा, हकाराम (65) पुत्र पुराराम मीणा, अगवरी निवासी गलबाराम (35) पुत्र भगाराम और मुकेश (30) पुत्र रमजूराम मीणा गंभीर घायल हुए हैं।
चार अन्य को आई मामूली चोटें
हादसे में हरीज निवासी दुर्गा कुमारी (10) पुत्री डायाराम मीणा, सियाणा निवासी छगनलाल (46) पुत्र हकाराम मीणा, शंकरलाल (26) पुत्र हकाराम मीणा और उम्मेदपुर निवासी दिलीप (3) पुत्र कालूराम मीणा को मामूली चोटें आई हैं। उनका आहोर अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर आहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


