PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में बाइक सवार मामा-भांजा पहले सामने से आ रही नेक्सोन कार से टकराए और इसके बाद आगे चल रही टवेरा कार के पीछे जा भिड़े। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए।
जालोर के से जोधपुर रेफर किए जाने के बाद रास्ते में मामा की मौत हो गई, जबकि भांजे का जोधपुर में इलाज जारी है।
हादसा गुरुवार रात करीब 8:30 बजे शहर से 6 किलोमीटर दूर बिशनगढ़ रोड स्थित पहाड़पुरा गांव के पास हुआ।
बिशनगढ़ की ओर जा रहे थे मामा-भांजा
जानकारी के अनुसार, जालोर में श्रीराम ग्रेनाइट के पीछे रहने वाले जब्बरनाथ (25) पुत्र लूम्बानाथ अपने भांजे दिलीपनाथ (18) पुत्र मालनाथ के साथ बाइक पर किसी काम से बिशनगढ़ की ओर जा रहे थे। पहाड़पुरा के पास आवलोज निवासी जबराराम पुत्र सवाराम भील टवेरा कार लेकर उनके आगे चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार टवेरा को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही नेक्सोन कार से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नेक्सोन कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार अनकंट्रोल होकर सड़क किनारे करीब 5 फीट गहरी खाई में उतर गई।
नेक्सोन के बाद टवेरा से भी भिड़ी बाइक
नेक्सोन से टक्कर के बाद बाइक आगे चल रही टवेरा के पिछले हिस्से से जा टकराई। इससे टवेरा का पिछला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों वाहनों से टकराने के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बिखर गई।
हादसे में जब्बरनाथ और दिलीपनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अन्य वाहन ड्राइवर और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जालोर के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया।
जोधपुर ले जाते समय जब्बरनाथ ने दम तोड़ा
जालोर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। जोधपुर ले जाते समय रास्ते में जब्बरनाथ ने दम तोड़ दिया। वहीं, दिलीपनाथ का जोधपुर में उपचार जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
जब्बरनाथ का शव जालोर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल बाइक और दोनों कारों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।


