PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल शहर की अग्रवाल कॉलोनी में मकान के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 2.50 लाख रुपए नकद ले गए। मकान मालिक बच्चे के ऑपरेशन के लिए पत्नी के साथ पालनपुर गए हुए थे। चोरी का पता उनके भतीजे ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी, जिसके बाद वे भीनमाल पहुंचे।
अग्रवाल कॉलोनी निवासी अरविंदकुमार अग्रवाल 2 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे अपनी पत्नी के साथ बच्चे के ऑपरेशन के लिए पालनपुर गए थे। ऑपरेशन के चलते वे रात में पालनपुर में ही रुके। 3 सितंबर की सुबह उनके भतीजे युवराज ने फोन कर बताया कि घर के ताले टूटे हुए हैं और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलने के बाद अरविंदकुमार अपनी पत्नी के साथ गुरुवार रात भीनमाल पहुंचे।
अलमारी और दूसरे सामान के ताले टूटे मिले
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अलमारी समेत अन्य सामान के ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिली।
फरियादी के अनुसार, चोर करीब 17 तोला सोने की ताकड़ी, 12 तोला सोने का फुलसेट, 6 तोला सोने के गोखरू, 5 तोला हार, 5 तोला मंगलसूत्र और 8 तोला चूड़ी-पाटला समेत अन्यसोने के जेवर ले गए। इसके अलावा करीब 7 किलो चांदी के सामान में सिक्के, गिलास, कटोरी, पायल और चांदी की बट्टियां भी चोरी हुई हैं। चोर घर से 2.50 लाख रुपए नकद भी ले गए।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
फरियादी अरविंदकुमार अग्रवाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भीनमाल पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।

