
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-फार्म पोंड में डूबने से 2 दोस्तों की मौत हो गई। वे खेत में पपीते खाने पहुंचे थे। इसके बाद हाथ धोने के लिए पोंड के पास गए तो एक इसमें फिसल गया, वहीं दूसरा उसे बचाने के लिए कूदा तो वह भी डूब गया।
तीसरे दोस्त ने भाग कर ग्रामीणों को सूचना दी। लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका।
मामला आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के कल्याण दुर्गम क्षेत्र का मंगलवार का है। गुरुवार शाम दोनों के शव जालोर पहुंचेंगे। जहां इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जालोर के सुमेरपुर खेड़ा गांव निवासी जालाराम (22) पुत्र अमराराम देवासी और आहोर थाना क्षेत्र के देवकी गांव निवासी भगवतसिंह (25) पुत्र प्रतापसिंह सोलंकी की पोंड में डूबने से मौत हो गई है। वहीं दोनों के साथ जालोर के गोगा वाड़ा निवासी सुरेश भी था। जो ग्रामीणों को बुलाकर लाया था। शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए हैं। वे गुरुवार शाम तक जालोर पहुंचेगे।
भगवत सिंह आंध्र प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर काम करता था। वहीं जालाराम अपने जीजा के साथ हार्डवेयर का बिजनेस संभाल रहा था। उसकी सालभर पहले ही शादी हुई थी। भगवत की पत्नी भी 6 महीने की प्रेग्नेंट है।
खेत में पपीता खाने गए दोस्त डूबे
परिजनों के अनुसार, जालाराम, भगवत सिंह और सुरेश तीनों आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के कल्याण दुर्गम क्षेत्र में रहते थे। मंगलवार की शाम करीब 4 बजे यहां एक खेत में तीनों युवक पपीता खाने के लिए गए हुए थे।
पपीता खाने के बाद वे खेत में ही बने फार्म पोंड पर हाथ धोने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भगवत सिंह का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में जालाराम भी पानी में उतर गया। इसके बाद दोनों ही पोंड में डूबने लगे। उन्हें डूबता देख सुरेश वहां से भाग कर मदद बुलाने गया।
आज शाम जालोर पहुंचेंगे शव
परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव को बाहर निकाला गया। दोनों की तब तक मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और कार्रवाई शुरू की। इसके बाद बुधवार को शवों को जालोर के लिए रवाना किया जो आज शाम तक जालोर पहुंचे।
जीजा की दुकान पर काम करता था
ग्रामीणों के अनुसार, जालाराम पिछले डेढ़ साल से आंधप्रदेश में रहता था और अपने जीजा के यहां हार्डवेयर की दुकान पर काम करता था। जालाराम के तीन भाई हैं। उसमें जालाराम सबसे छोटा है, अन्य दो भाई व माता पिता हरियाणा में पशुपालन के काम को लेकर वही रहते हैं।
सालभर पहले शादी, पत्नी 6 महीने की प्रेग्नेंट
वही भगवत सिंह सोलंकी 5 साल से आंध्र प्रदेश के अनंतपुरा में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर काम करता था। भगवत सिंह की 1 साल पहले दयालपुरा गांव (जालोर) में शादी हुई थी, पत्नी रेखा कंवर, अभी 6 महीने की प्रेग्नेंट है। शादी के 2 महीने बाद फिर कमाने के लिए आंध्र प्रदेश चला गया था। पिता प्रतापसिंह भी बॉम्बे में कपड़ों की दुकान की करते हैं। भगवतसिंह अपने तीन बहनों का इकलौता भाई था।


