PALI SIROHI ONLINE
पाली-त्योहारी सीजन में गुजरात (अहमदाबाद/साबरमती) जाने वाले पाली जिले के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। जोधपुर मंडल के लूनी-समदड़ी रेलखंड पर दूदिया और ढुंदाड़ा यार्ड में सबवे निर्माण तथा समदड़ी यार्ड में फुट ओवरब्रिज के कार्य के चलते जैसलमेर-साबरमती-जैसल मेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस अक्टूबर में 5 ट्रिप परिवर्तित मार्ग से वाया पाली मारवाड़ होते हुए चलेगी।
अक्टूबर के त्योहारी सीजन में पाली मारवाड़ के लोगों को ट्रेन नंबर 19224 जम्मूतवी- साबरमती एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 12464 वंदे भारत एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 20495जोधपुर-हड़पसर के अलावा 5 दिन तक ट्रेन नंबर 20485 जैसलमेर- साबरमती एक्सप्रेस अतिरिक्त उपलब्ध होगी।
इससे वेटिंग में आरक्षित टिकट का इंतजार करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पाली के लोगों को साबरमती जाने के लिए अक्टूबर में एक और अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिल गया है।
परिवर्तित मार्ग : गाड़ी संख्या 20485/20486 जैसलमेर-साबरमती- जैसल मेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का 4, 6, 11, 16 और 23 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। ट्रेन निर्धारित लूनी, समदड़ी, भीलड़ी मार्ग के बजाए अब लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, मेहसाणा होते हुए साबरमती तक संचालित होगी। यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग पर पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबूरोड और पालनपुर स्टेशनों पर रूकेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर परिवर्तित मार्ग के पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन और पाली मारवाड़ स्टेशनों पर ठहरेगी।




