PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही सदर थाना क्षेत्र के इसरा रोड पर कृष्णगंज के पास बाइक सवार दंपती से मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दंपती को बाइक से गिराकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। माउंट आबू से आ रहे दंपती का करीब 4 किलोमीटरतक पीछा करने के बाद आरोपियों ने लात मारकर उन्हें नीचे गिरा दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
कृष्णगंज निवासी कृष्णा राम पुत्र पूनाराम चौधरी ने 9 अगस्त को इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच इसरा से थोड़ा आगे कृष्णगंज रोड पर पीछे से तीन बाइक पर सवार छह लोगों ने उनका पीछा किया, टक्कर मारी और नाले में गिरा दिया। हमलावर रुपए से भरा पर्स व अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने इस मामले में मंडवाड़ा खालसा, स्वरूपगंज निवासी राकेश कुमार पुत्र सायबा राम, तेजाराम पुत्र कर्माराम गरासिया, गणेश राम पुत्र भूराराम गरासिया और केसाराम पुत्र नूर राम गरासिया को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा वास्थानजी उबेरा निवासी अतिराम उर्फ किशन लाल पुत्र चतराराम गरासिया भी गिरफ्तार हुआ है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जिसका नाम गोपनीय रखा गया है।
इस मामले के खुलासे के लिए सहायक उप निरीक्षक विक्रम सिंह, नरपत सिंह, राजेश कुमार और कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार, रणजीत सिंह, रिंकू सिंह, वक्त राम, महिपाल सिंह, श्रवण कुमार, प्रवीण सिंह, हरिराम, डूंगर सिंह, लक्ष्मण सिंह और अनिल कुमार की टीम नियुक्त की गई थी।

