
PALI SIROHI ONLINE
फलोदी जिले के एक थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर देने के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया है। मामला बाल संरक्षण कानून (पोक्सो एक्ट) के तहत दर्ज किया गया है। पीड़िता फिलहाल चार माह की गर्भवती है।
पुलिस को 1 अगस्त को सूचना मिली कि एक अविवाहित नाबालिग गर्भवती अवस्था अवर में जांच के लिए आई है। पीड़िता पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाई गई थी, जहां जांच में गर्भ ठहरने की पुष्टि होने पर अस्पताल प्रशासन ने महिला थाना पुलिस को सूचित किया। महिला थाना प्रभारी रेखा ओझा टीम सहित मौके पर पहुंचीं और पीड़िता के पर्चा बयान दर्ज किए। पीड़िता के अनुसार, वह अपने करीबी रिश्तेदार के घर आती-जाती थी। वहीं आरोपी भवानी सिंह (45) ने, जिसकी पत्नी कंचन कंवर (40) भी इस साजिश में शामिल बताई गई है, पिछले छह माह से कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि महिला उसे बहाने से घर बुलाकर छोड़ देती थी, जहां आरोपी अकेले में गलत हरकत करता था। इसके अलावा, पीड़िता ने एक अन्य आरोपी मदनलाल विश्नोई (27) पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसने बताया कि कुछ समय पहले वह मदनलाल के घर पर झाड़-पोंछा करने जाती थी, जहां उसने भी उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने तीनों आरोपियों भवानी सिंह, कंचन कंवर और मदनलाल विश्नोई के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की जांच सीओ फलोदी अचल सिंह देवड़ा को सौंपी गई है। सीओ देवड़ा ने बताया कि पीड़िता के बयान अदालत में धारा 164 के तहत दर्ज करवाए गए हैं। न्यायालय के निर्देश पर बालिका को जोधपुर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।


