PALI SIROHI ONLINE
बाली-योगा एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। फालना रेलवे स्टेशन पर उसे ट्रेन से उतारकर बाली के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान परमानंद पुत्र रमेशचंद्र के रूप में हुई है, जो मुरादाबाद का निवासी था। वह अहमदाबाद में मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते उसके साथी उसे ट्रेन से वापस गांव ले जा रहे थे।
मृतक के साथी विनोद ने बताया कि योगा एक्सप्रेस जब फालना रेलवे स्टेशन के करीब पहुंची, तो परमानंद की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर उसके साथियों ने उसे फालना रेलवे स्टेशन पर उतारा।
इसके बाद, रेलवे पुलिस की सहायता से उसे तत्काल बाली अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद परमानंद को मृत घोषित कर दिया।


