PALI SIROHI ONLINE
चित्तौड़गढ़-चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया में प्रभु कीर हत्याकांड के मुख्य आरोपी मोईनुद्दिन शाह उर्फ मोनू खान को पुलिस ने भीलवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। वह वारदात के बाद से फरार था और पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल साथ नहीं रखता था।
दोस्तों के मोबाइल से इंस्टाग्राम कॉल कर घरवालों से संपर्क करता था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने डीएसटी, साइबर टीम, चंदेरिया थाना पुलिस और भीलवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ा। मामले में अब तकतीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना 8 अक्टूबर को एक होटल में खाना खाने के दौरान प्रेम-प्रसंग के मामले में कहासुनी के बाद हुई थी।
परिजनों और समाज के लोगों ने दिया था धरना
10 अक्टूबर को प्रभु कीर की मौत के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया था। इसी दौरान पुलिस ने दो आरोपी लोकेश सिंह चौहान उर्फ लक्की और राहुल सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया था। अब मुख्य आरोपी मोनू खान की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बाकी लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।प्रेम प्रसंग की बात पर शुरू हुआ विवाद, होटल में लाठी-फाचरियों से हमला
चित्तौड़गढ़ SP धर्मेंद्र यादव ने बताया 8 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे प्रभु कीर, भरत मीणा, दिवान सिंह, नारायण लाल नायक और अर्जुन कीर रोलाहेड़ा पुलिया के पास स्थित दाताश्री होटल में खाना खा रहे थे। इसी दौरान दिवान सिंह के मोबाइल पर लोकेश सिंह चौहान उर्फ लक्की का फोन आया। उसने पूछा कि वे लोग कहां हैं। दिवान सिंह ने होटल में होने की जानकारी दी।
कुछ देर बाद लक्की अपने भाई राहुल सिंह, मोईनुद्दिन शाह उर्फ मोनू, जिशान खान उर्फ गोल्डी, अर्जुन सिंह भाटी, दिलीप सिंह भाटी और 3-4 अन्य लोगों के साथ होटल पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोईनुद्दिन और प्रभु कीर के बीच प्रेम-प्रसंग के मामले को लेकर पहले कहासुनी हुई थी।
इसके बाद आरोपियों ने अपने साथ लाई गई लाठियों से प्रभु कीर, भरत मीणा और दिवान सिंह पर हमला कर दिया। तीनों के सिर और शरीर पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल प्रभु कीर को पहले जिला हॉस्पिटल ले जाया गया। बाद में उन्हें उदयपुर के महाराणा भोपाल अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।पिता की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था मामला, बाद में जोड़ी हत्या की धारा
प्रभु कीर के पिता शंकरलाल कीर ने 9 अक्टूबर को चंदेरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में इलाज के दौरान प्रभु कीर की मौत होने पर हत्या की धारा जोड़ी गई। जांच के दौरान पुलिस ने लोकेश सिंह चौहान उर्फ लक्की (21), राहुल सिंह चौहान (24) और मुख्य आरोपी मोईनुद्दिन शाह उर्फ मोनू (22) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

