सड़क हादसे में मौसेरे भाइयों समेत तीन की मौत:पुट्टी का काम कर निंबाहेड़ा जा रहे थे, लक्ष्मीपुरा के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
PALI SIROHI ONLINE
निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़)-चित्तौड़गढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौसेरे भाई समेत तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थी। राहगीरों ने तीनों को सड़क पर पड़े देखा तो पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
हादसा निंबाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर लक्ष्मीपुरा गांव के पास रविवार रात को हुआ। राहगीरों से मिली सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई।सिर में आई गंभीर चोटें
निंबाहेड़ा सदर थाने के एएसआई कैलाश शर्मा ने बताया-रविवार रात करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो तीन युवक हाईवे पर पड़े थे। तीनों के सिर पर गंभीर चोट आई हुई थी, एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल निंबाहेड़ा पहुंचाया। यहां डॉक्टर्स ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
निंबाहेड़ा में किराए के मकान में रह रहे थे
हादसे में मध्यप्रदेश के आगर निवासी गोविंद सिंह (33) पुत्र जगदीश सिंह, झालावाड़ निवासी शेर सिंह (30) और धर्मराज (30) घरों में पुट्टी करने का काम करते हैं। करीब 15 दिन से तीनों निंबाहेड़ा में किराए के कमरे में रह रहे थे।
पुट्टी करने का काम करते थे
पास के ही किसी गांव में पुट्टी का काम लिया हुआ था। रविवार रात को काम पूरा होने पर तीनों बाइक से निंबाहेड़ा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थी।
हादसे के बाद तीनों युवक काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। राहगीरों ने तीनों को घायल अवस्था में देखा तो एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। तीनों के शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।मृतक गोविंद सिंह पिता शंभू सिंह ने बताया कि सुबह 5 बजे हमें गोविंद के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मैं अपने रिश्तेदारों के साथ में निंबाहेड़ा के लिए निकल गया। यहां पहुंचकर पता किया तो गोविंद के साथ में उसकी मौसी का लड़का शेर सिंह भी मिला, जिसकी भी मौत हो चुकी थी।।
गोविंद की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। गोविंद के एक छोटा भाई और दो लड़कियां है। वहीं, शेर सिंह के एक लड़की है।

