PALI SIROHI ONLINE
17 साल भारतीय सेना में सेवा देकर गांव लौटे हवलदार उम्मेद सिंह पंवार, ग्रामीणों ने घोड़े पर बैठाकर किया भव्य स्वागत
बाली उपखंड के चामुंडेरी गांव के लिए गौरव का क्षण देखने को मिला, जब भारतीय सेना की तोपखाना रेजिमेंट में हवलदार के पद पर रहते हुए 17 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होकर उम्मेद सिंह पंवार अपने पैतृक गांव चामुंडेरी पहुंचे। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साह और उमंग के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें घोड़े पर बैठाकर गाजे-बाजे और पारंपरिक तरीके से सम्मानपूर्वक गांव में लाया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि भारतीय सेना के वीर जवानों की बदौलत ही देशवासी सुरक्षित महसूस करते हैं। सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में रहकर दिन-रात देश की सीमाओं और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। हवलदार उम्मेद सिंह पंवार ने भी 17 वर्षों तक भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देकर देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है।
ग्रामीणों ने कहा कि उम्मेद सिंह पंवार का 17 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा देना पूरे गांव के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उनकी देशसेवा युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। गांव के वीर सपूत के सेवानिवृत्त होकर वापस लौटने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा और सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।






