PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज में फिर फंसा ट्रोला, यातायात हुआ बाधित
ओवरब्रिज निर्माण की मांग ने फिर पकड़ा जोर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली व्यवस्था
बाली उपखंड के बाली-पिंडवाड़ा मेगा हाईवे पर नाना रेलवे स्टेशन के समीप स्थित चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज में एक बार फिर भारी वाहन फंसने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। शुक्रवार को अंडरब्रिज से गुजर रहा एक ट्रोला अचानक फंस गया, जिसके चलते दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। ट्रोला फंसने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलने पर नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा, सहायक थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह राठौड़ तथा बेड़ा चौकी प्रभारी तेज सिंह जोधा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके की स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू करने के प्रयास शुरू किए। पुलिस द्वारा अंडरब्रिज के एक हिस्से से वाहनों की आवाजाही शुरू करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी से राहत मिल सके।
बार-बार फंसते हैं भारी वाहन
चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज में भारी वाहनों के फंसने की समस्या कोई नई नहीं है। अंडरब्रिज की सीमित ऊंचाई के कारण कई बार बड़े ट्रोले और अन्य भारी वाहन यहां फंस जाते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि मौके पर जाम की स्थिति बनने से स्थानीय ग्रामीणों और हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भारी वाहन फंसने के बाद अंडरब्रिज से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है।
सरपंच प्रशासक ने फिर उठाई ओवरब्रिज की मांग
चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज में एक बार फिर ट्रोला फंसने की घटना के बाद चामुंडेरी सरपंच प्रशासक जसवंत राज मेवाड़ा ने अंडरब्रिज की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज में बार-बार भारी वाहनों के फंसने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आमजन को परेशानी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए यहां ओवरब्रिज का निर्माण करवाया जाए। ओवरब्रिज बनने से भारी वाहनों की आवाजाही सुचारू होने के साथ ही बार-बार उत्पन्न होने वाली जाम की स्थिति से भी निजात मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरब्रिज में बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं को देखते हुए अब स्थायी समाधान की आवश्यकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


