ट्रेलर में घुसी पीछे चल रही ईको, 3 की मौत: मौके पर ही तोड़ा; बुरी तरह पिचकी कार, करणी माता के दर्शन करने जा रहे थे
PALI SIROHI ONLINE
बीकानेर-बीकानेर में भारतमाला सड़क पर बंगड़ी से पांचू की ओर जा रही एक ईको कार आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। दुर्घटना में ईको सवार 4 युवकों में से 3 की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे का शिकार हुए चारों युवक जोधपुर जिले के मथानिया के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, वे सभी बुधवार रात ईको गाड़ी में सवार होकर देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। यह दुर्घटना रात करीब 2:15 बजे हुई
3 की मौके पर मौत, 1 गंभीर घायल
पांचू पेट्रोलिंग टीम के संचालक दानाराम मायला ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे हादसे की सूचना मिलते ही पांचू और बूंगड़ी की पेट्रोलिंग टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद मथानिया निवासी चेतनराम बंजारा, मुकेश चौकीदार, बुधाराम मेघवाल और राकेश मेघवाल को गाड़ी से बाहर निकाला।
चेतनराम, मुकेश और बुधाराम की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। चौथे युवक राकेश मेघवाल की हालत अत्यंत गंभीर थी, जिसे एंबुलेंस की सहायता से तत्काल पांचू सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीकानेर के पीबीएम ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ट्रेलर की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पांचू थाने के एएसआई गंगाराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भारतमाला सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। गुरुवार सुबह एडिशनल एसपी बनवारीलाल मीणा, पांचू थानाधिकारी राजीव रॉयल और एएसआई गंगाराम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाकर परिजनों को सूचित किया। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
